
नगर पालिका ने बिना अनुमति टेंट और मंच लगाने पर जताई आपत्ति, खन्नानगर चौकी प्रभारी को आयोजन रुकवाने के लिए पत्र
लोनी (गाजियाबाद) : लोनी नगर पालिका परिषद ने गढ़ी कटैया स्थित सरकारी भूमि (खेल मैदान) में 25 अक्टूबर को प्रस्तावित पीडीए सम्मान समारोह एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम को लेकर अपनी आपत्ति जताई है। नगर पालिका परिषद लोनी के अधिशासी अधिकारी ने खन्नानगर चौकी प्रभारी को पत्र भेजकर आयोजन को तत्काल प्रभाव से रुकवाने के निर्देश दिए हैं। पत्र में बिना अनुमति कार्यक्रम की तैयारियां किए जाने पर अनुज प्रधान पर 10 लाख 86 हजार 930 रुपये का जुर्माना निर्धारित किए जाने का जिक्र किया गया है।
नगर पालिका परिषद लोनी की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, वार्ड संख्या-12 के सभासद सुमित प्रधान की ओर से गढ़ी कटैया निवासी अनुज प्रधान पुत्र जोगेंद्र प्रधान के लिए 25 अक्टूबर, रविवार को सुबह 10 बजे पीडीए सम्मान समारोह एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी गई थी। कार्यक्रम के लिए सरकारी भूमि पर टेंट और मंच लगाने सहित अन्य तैयारियां किए जाने की जानकारी नगर पालिका को मिली।
पत्र में कहा गया है कि आयोजन के लिए नगर पालिका से अनुमति प्राप्त किए बिना तैयारियां की जा रही हैं। इसे अवैध बताते हुए निकाय ने सर्किल रेट के अनुसार 10,86,930 रुपये की जुर्माना राशि निर्धारित की है। अधिशासी अधिकारी ने पुलिस से कार्यक्रम को तत्काल रुकवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई प्रतिलिपि
नगर पालिका ने पत्र की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी लोनी, सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार तथा नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी है। साथ ही राजस्व निरीक्षक, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को खन्नानगर चौकी प्रभारी से समन्वय स्थापित कर आयोजन रुकवाने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्र में अनुज प्रधान को भी निर्देशित किया गया है कि निर्धारित जुर्माना राशि जमा कराते हुए आयोजन को तत्काल रोकना सुनिश्चित करें।
प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी अब निगाहें
नगर पालिका की ओर से जारी पत्र के बाद अब 25 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई महत्वपूर्ण हो गई है। हालांकि, पत्र में आयोजन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन कार्यक्रम वास्तव में रुकता है या नहीं, इस संबंध में आगे की कार्रवाई के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

