बेतुल
बैतूल विकसित भारत युवा संवाद में राजा भोज की छात्रा तनुश्री बनीं विजेता
एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान, महाविद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी किया प्रतिनिधित्व

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। विकसित भारत युवा संवाद के आठवें संस्करण के तहत आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में राजा भोज शिक्षा महाविद्यालय की छात्रा तनुश्री मूदाफले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय जयवंती हॉक्सर महाविद्यालय बैतूल में 3 नवंबर को मेरा युवा भारत बैतूल द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एक राष्ट्र-एक चुनाव विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराने की अवधारणा, उद्देश्य, महत्व और संभावित लाभों पर चर्चा की। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को प्रभावी बनाने, लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिक जागरूकता बढ़ाने के संबंध में अपने विचार साझा किए। प्रतियोगिता में बीएससी-बीएड चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा तनुश्री मूदाफले ने प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संस्थापिका डॉ. संगीता गलफट, कार्यक्रम प्रभारी आरडी डी मार्स एवं मंजू मानिक शामिल हुए। महाविद्यालय की अन्य छात्राओं सोनाली, पायल, रवीना, मुस्कान, आयुषी, अंशिका, आलोक और विपाशा ने भी प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व किया।



