बेतुल
बैतूल सनातन धर्म और देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष भवानी गावंडे ने सौंपा ज्ञापन
फेसबुक पोस्ट के माध्यम से धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप, पुलिस अधीक्षक से साइबर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष भवानी गावंडे ने सोशल मीडिया पर सनातन धर्म, देवी-देवताओं और गौमाता को लेकर कथित अभद्र टिप्पणियां किए जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुकड़दम सरकार बैतूल नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट पर की गई पोस्ट और टिप्पणियों को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
भवानी गावंडे ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि बैतूल जिले में अलग-अलग नामों से कई संगठन और सोशल मीडिया अकाउंट संचालित हो रहे हैं। आरोप है कि मुकड़दम सरकार बैतूल नाम से फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार सनातन धर्म और देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट एवं टिप्पणियां की जा रही हैं। इससे सनातन धर्म में आस्था रखने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि सोशल मीडिया पर देवी-देवताओं के साथ-साथ गौमाता और जनप्रतिनिधियों को लेकर भी अभद्र भाषा एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं। इस तरह की गतिविधियों से सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका जताते हुए भवानी गावंडे ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
उन्होंने आग्रह किया कि संबंधित फेसबुक पोस्ट और सोशल मीडिया गतिविधियों की साइबर सेल के माध्यम से जांच कर आईटी एक्ट एवं अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत प्रतिबंधात्मक और दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



