भाजपा नेता ईश्वर मावी के बसपा में शामिल होने की पोस्ट से लोनी में विवाद
फेसबुक पर भ्रामक पोस्ट प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग, सोशल मीडिया आईडी की पुलिस से जांच कराने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। सोशल मीडिया पर राजनीतिक दलों से जुड़ी भ्रामक खबरें प्रसारित करने का मामला एक बार फिर लोनी में चर्चाओं में आया है। भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता एवं पूर्व जिला कार्यकारिणी सदस्य ईश्वर मावी के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल होने संबंधी फेसबुक पोस्ट को लेकर लोनी में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में ईश्वर मावी ने सहायक पुलिस आयुक्त, अंकुर विहार को अपना लिखित शिकायत पत्र देकर पोस्ट प्रसारित करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ईश्वर मावी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को ‘BJP Ghaziabad’ नामक फेसबुक आईडी से एक पोस्ट साझा की गई, जिसमें उनके बसपा में शामिल होने की जानकारी दी गई थी। उन्होंने इस खबर को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया कि वह आज भी भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने किसी अन्य राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण नहीं की है।
शिकायत में ईश्वर मावी ने बताया कि इस तरह की भ्रामक पोस्ट से उनकी राजनीतिक एवं सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उनका आरोप है कि गलत जानकारी प्रसारित कर राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की गई है।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संबंधित फेसबुक आईडी की निष्पक्ष जांच कराने, पोस्ट प्रसारित करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही मामले में प्रथम दृष्टया लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
ईश्वर मावी ने अपनी शिकायत के साथ संबंधित फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उक्त पोस्ट किस व्यक्ति द्वारा और किन परिस्थितियों में प्रसारित की गई थी।

