अमरोहा
भाजपा जिला महामंत्री को जान से मारने की धमकी
अमरोहा में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा में भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अभिनव कौशिक को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 21 सितंबर को कौशिक के मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने उन्हें सड़क दुर्घटना में जान से मारने की धमकी दी। कौशिक ने बताया कि धमकी भरी कॉल की रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। उन्होंने आशंका जताई कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
कौशिक ने मामले की तहरीर पुलिस को सौंपी और अपनी सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रमुख सचिव गृह विभाग, पुलिस महानिदेशक और अमरोहा के पुलिस अधीक्षक को भी अवगत कराया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।



