जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने धनबाद मंडल कारा का किया औचक निरीक्षण
Jail IG Sudarshan Mandal conducted a surprise inspection of Dhanbad Divisional Jail.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद स्थित मंडल कारा में शुक्रवार को जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारी तुरंत व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गये। निरीक्षण के दौरान आईजी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। उन्होंने अति-संवेदनशील वार्डों, ऊंची दीवारों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और सीसीटीवी निगरानी कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जेल की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा पूरी तरह अभेद्य होनी चाहिए। मीडिया से बातचीत में आईजी ने कहा कि जेल का उद्देश्य केवल सजा देना नहीं, बल्कि सुधारात्मक और मानवीय व्यवस्था सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने बंदियों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए रसोई का निरीक्षण किया और जेल मैनुअल के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि भोजन समय पर और निर्धारित मानकों के अनुसार दिया जाना चाहिए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके अलावा, उन्होंने जेल परिसर की साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल वार्ड का भी निरीक्षण किया। बीमार बंदियों के इलाज और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली गई। साथ ही, जेल में क्षमता से अधिक बंदियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई, ताकि आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। निरीक्षण के बाद प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के सख्त निर्देश दिए गये।



