
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह धौरिया बिड़ला गंगा घाट पर मछली पकड़ते समय यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी 38 वर्षीय मुनि देव, पुत्र हरि सिंह, के रूप में हुई है।
गोताखोरों की मदद से तलाश
मुनि देव अपने साथी श्याम सिंह के साथ मछली पकड़ने आए थे। मछली पकड़ते समय ही वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। श्याम सिंह ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तुरंत तलाश अभियान शुरू किया गया।करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद मुनि देव का शव बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मुनि देव के परिजन गंगा घाट पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि मुनि देव अपने पीछे पत्नी भोली, बेटे करन और बेटी सीमा को छोड़ गए हैं। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है।



