बोकारो

‘मैं भी स्वदेशी समर्थक’ अभियान का आगाज़ आज से

20 दिनों में 5 करोड़ लोगों को जोड़ने का लक्ष्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त तत्वावधान में 1 अगस्त से 20 अगस्त तक देशव्यापी ‘मैं भी स्वदेशी समर्थक’ अभियान चलाया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी पहल का लक्ष्य देशभर में 5 करोड़ लोगों को स्वदेशी विचारधारा से जोड़कर आत्मनिर्भर भारत के अभियान को नई गति देना है। अभियान के तहत युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों, उद्यमियों, व्यापारियों तथा समाज के सभी वर्गों को स्वदेशी के महत्व से जोड़ने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर, मोहल्लों और बाजारों में पहुंचकर लोगों को स्वदेशी अपनाने तथा अभियान का समर्थक बनने के लिए प्रेरित करेंगे।यह अभियान पूरी तरह डिजिटल होगा। अभियान से जुड़ने के लिए किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं रखा गया है। इच्छुक लोग क्यूआर कोड अथवा ऑनलाइन लिंक के माध्यम से स्वयं को पंजीकृत कर सकेंगे। पंजीकरण के तुरंत बाद डिजिटल माध्यम से ही उन्हें प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। स्वदेशी जागरण मंच ने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, आर्थिक आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय संप्रभुता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। स्थानीय उत्पादों के उपयोग, लघु एवं कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने तथा भारतीय उद्यमियों के समर्थन से ही मजबूत, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। मंच के पदाधिकारियों के अनुसार प्रत्येक तीन वर्ष पर इस तरह का राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाता है। इस बार भी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर स्वदेशी-विदेशी विषयक जानकारी देने के साथ लोगों से डिजिटल माध्यम से अभियान का समर्थक बनने का आग्रह करेंगे, ताकि स्वदेशी को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button