अमरोहा
भारत स्वाभिमान क्रांति रथ यात्रा का स्वागत
अमरोहा में राष्ट्रीय सेवक संघ ने किया आयोजन, लोग बड़ी संख्या में जुटे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर नगर में बुधवार को भारत स्वाभिमान क्रांति रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। भारत राष्ट्रीय सेवक संघ के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा का संभल बस स्टैंड चौराहा पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार अभिनंदन किया।
यह रथ यात्रा भारत के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ शुरू की गई है। इसका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण और भारतीय मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना है। यह यात्रा 3 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली से प्रारंभ हुई थी। देश भर में जन जागरण का संदेश देते हुए, यह रथ यात्रा 15 अक्टूबर को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित बहराइच तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनसभाएं और सामाजिक गोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। इसमें युवा, महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षक, विद्यार्थी और आम नागरिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। वक्ताओं ने बताया कि यह यात्रा केवल भौगोलिक दूरी तय नहीं करेगी, बल्कि दिलों को जोड़ेगी, संस्कारों को पुनर्जीवित करेगी और राष्ट्र प्रेम को बढ़ावा देगी। इसका लक्ष्य समाज में समरसता, समानता और भारतीय संस्कृति व परंपराओं का संरक्षण करना है।इस अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम में अशोक अधाना, सत्यपाल सिंह, धीरज सिंह, उदयवीर सिंह, दीपक, मुनेश चंद, रविंद्र प्रताप, निजामुद्दीन, शकील, चंद्रपाल सिंह, जयपाल और दिनेश नागर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



