अमरोहा
बिजली की समस्याओं को लेकर किसानों का विरोध
हसनपुर में भाकियू ने एसडीओ-जेई को घेरा, समाधान का आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हसनपुर : बिजली की बढ़ती समस्याओं के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) ने एसडीओ और जेई का घेराव किया। बुधवार को एसडीएम कार्यालय के बाहर आयोजित बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष काले सिंह ने कहा कि किसानों को शेड्यूल के अनुसार बिजली नहीं मिल रही है। इससे फसलें मुरझा रही हैं।
किसान यूनियन कार्यकर्ताओं के घेराव के बाद बिजली अधिकारियों ने समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने जर्जर तारों को बदलने का भी वादा किया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
किसानों ने आधार कार्ड संशोधन के नाम पर हो रही अवैध वसूली और बैंकों द्वारा की जा रही परेशानी का भी मुद्दा उठाया। बाद में एसडीएम पुष्कर नाथ चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यक्रम में महावीर सिंह चौहान, सीता आर्य, गंगाराम आर्य, संजीव बालियान, नरेश कुमार, महेंद्र सिंह, कुलदीप और राजेंद्र समेत अन्य किसान नेता मौजूद थे।



