गाजियाबाद

जिलाधिकारी के आदेश कीचड़ में गुम 

खन्ना नगर कालोनी बनी गंदगी का गढ़ 

संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बढा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

लोनी (गाजियाबाद)।  लोनी नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 12 स्थित खन्ना नगर कॉलोनी इन दिनों गंदगी, मच्छरों और बदबू की मार झेल रही है। हालात इतने खराब हैं कि लोग अब मज़ाक में इसे “40 फुटा गंदगी घर” कहकर पुकारने लगे हैं। बरसात के बाद से यहां जमा  कीचड़ ने पूरे इलाके को कचरा घर में तब्दील कर दिया है।
मुख्य मार्ग — 40 फुटा रोड — पर पिछले कई महीनों से गंदगी का अंबार लगा है। जगह-जगह जलभराव, कीचड़ और मच्छरों का प्रकोप ने लोगों का जीना मुश्किल कर रहा है। नालियों की सफाई महीनों से नहीं हुई, जिसके चलते घरों के सामने गंदा पानी और बदबू का साम्राज्य कायम है। स्थानीय निवासी इदरीस बताते हैं कि नालियों में जमी गाद और कीचड़ अब “स्थायी सदस्य” बन चुके हैं। लगभग पाँच दर्जन घरों के सामने सड़कें कीचड़ से पटी हुई हैं।
शिकायतों की भरमार, कार्यवाही शून्य
नागरिकों ने इस समस्या को लेकर कई बार लोनी नगर पालिका, अधिशासी अधिकारी के.के. मिश्रा, और यहाँ तक कि जिलाधिकारी गाजियाबाद तक को भी अवगत कराया। 4 सितंबर 2025 को तो यह मामला सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी जिलाधिकारी के सामने उठाया गया था। जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए, लेकिन अफ़सोस — उन आदेशों की गूंज आज भी कीचड़ में गुम है।
पालिका कर्मियों की लापरवाही चरम पर
निवासियों का कहना है कि पालिका के कर्मचारी कई बार क्षेत्र का निरीक्षण करने आए, लेकिन हर बार यही कहकर लौट गए कि “कल सफाई करा देंगे।”ऐसा प्रतीत होता है कि नगर पालिका के अफसरों ने खन्ना नगर कॉलोनी को विकास के नक्शे से ही गायब कर दिया है — या फिर इसे कूड़ा घर समझ लिया है।
निवासियों का गुस्सा और गुहार
स्थानीय नागरिक कय्यूम, इदरीश, अकरम, मुस्तकीम अहमद, जहांगीर मलिक, सुशील त्यागी, सुशील तोमर, राजकुमार, डॉ. नूर हसन, जयपाल सिंह आदि ने कहा कि यदि शीघ्र सफाई नहीं कराई गई, तो कॉलोनी में महामारी फैलने का खतरा बढ़ जाएगा।
उन्होंने जिलाधिकारी गाजियाबाद से तत्काल हस्तक्षेप कर सफाई व्यवस्था बहाल कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।
“जीवन नरक बन चुका है” — नागरिकों की व्यथा
रिहायशी लोग बताते हैं कि दिन-रात बदबू, मच्छर और गंदगी ने उनका जीवन दूभर कर दिया है। बच्चे बीमार पड़ रहे हैं और बुजुर्गों को सांस लेने तक में दिक्कत हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी संक्रामक बीमारी फैलने को लेकर हो रही है कालोनी में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द कदम नहीं उठाए, तो यह कॉलोनी बीमारी और संक्रमण का केंद्र बन जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button