चाकू से हमला कर युवक की हत्या का प्रयास करने वाला आरोपी गिरफ्तार
वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद

मोटरसाइकिल का एक्सीलेटर तेज करने से मना करने पर किया था हमला, तीन महीने बाद पुलिस ने दबोचा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोरखपुर : बड़हलगंज थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महतोपार निवासी हरिनारायण मौर्य पुत्र ब्रह्मानन्द मौर्य के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 3:45 बजे की है। आरोप है कि हरिनारायण मौर्य वादिनी के पुत्र के पास पहुंचकर उसकी मोटरसाइकिल का एक्सीलेटर तेज करने लगा। युवक ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बड़हलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज के निर्देशन में उपनिरीक्षक राजीव तिवारी ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की है। आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 332/2026 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1), 352, 351(3), 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजीव तिवारी, कांस्टेबल आशीष पटेल और कांस्टेबल राहुल यादव शामिल रहे।


