
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में हिंदू त्योहारों पर प्रतिबंध और तुष्टीकरण की राजनीति हो रही है।
पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी माहौल और गर्म हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हुगली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी सरकार पर तीखे आरोप लगाए। सीएम योगी ने कहा कि बंगाल अब बदलाव चाहता है और टीएमसी की राजनीति तुष्टीकरण पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घुसपैठ को बढ़ावा दिया जा रहा है और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है।
हिंदू त्योहारों पर रोक और तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप-योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में कहा ‘बंगाल की डेमोक्रेसी को बदला जा रहा है। यहां जय श्री राम बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता है, मां दुर्गा पूजा और मां दुर्गा पूजा विसर्जन की मूर्ति विसर्जन के शोभा यात्रा को प्रतिबंधित किया जाता है। लेकिन ममता दीदी सड़कों पर नमाज पढ़वाती हैं और इफ्तारी की दावत कराती हैं। कोई भी हिंदू पर्व-त्योहार होने पर कर्फ्यू रहता है, सरेआम हत्या होती है, लव और लैंड जिहाद की घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन टीएमसी मौन है।’
सीएम योगी ने अपने भाषण में कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद टीएमसी में घबराहट है और अब जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों के बाद बंगाल में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।



