
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेहरमा : झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर मेहरमा प्रखंड के बोरिंग बाबा मैदान में एक विशेष आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशासन बनाम जनप्रतिनिधि के बीच मैत्रीपूर्ण फुटबॉल मैच खेला गया, जिसने स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह भर दिया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार ने फीता काटकर एवं फुटबॉल को किक मारकर किया। इस मौके पर बीडीओ ने कहा कि- खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे आपसी एकजुटता और सौहार्द भी बढ़ता है।मैच की शुरुआत के साथ ही मैदान में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रशासनिक टीम और जनप्रतिनिधियों की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। दर्शकों ने दोनों टीमों का हौसला बढ़ाते हुए तालियों और जयकारों से मैदान गूंजा दिया। मैदान में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, कई पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। दोनों टीमों ने खेल के दौरान अनुशासन और सौहार्द का परिचय दिया, वहीं प्रशासनिक टीम ने अनुशासित खेल का शानदार उदाहरण पेश किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य झारखंड स्थापना दिवस के मौके पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच सहयोग, संवाद और टीम भावना को और मजबूत बनाना था। झारखंड की रजत जयंती वर्ष पर इस तरह के आयोजन न केवल राज्य की उपलब्धियों का जश्न हैं, बल्कि “साझा सहयोग और एकता” के संदेश को भी जन-जन तक पहुंचाते हैं।



