गोड्डा

गोड्डा के बेथेल मिशन स्कूल में विज्ञान–कला प्रदर्शनी सह मेले का भव्य आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा: आज दिनांक 14 नवम्बर 2025 को स्थानीय 10 + 2 बेथेल मिशन स्कूल, गोड्डा में  विज्ञान–कला प्रदर्शनी सह मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त,गोड्डा अंजली यादव के द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम  के दौरान विद्यालय के प्राचार्य अन्ना मार्क0 ने उपायुक्त  का पुष्पगुच्छ देकर एवं विद्यालय के निदेशक डॉ० प्रणेश सोलोमन के द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया एवं छात्र-छात्राओं ने मिलकर गर्मजोशी से अभिवादन किया।कार्यक्रम में  उपायुक्त के द्वारा बाल दिवस के अवसर पर बेथेल मिशन के छात्र एवं छात्राओं को शुभकामनाएं दी गई।साथ ही साथ आगामी स्थापना दिवस के पर आयोजित जिले के विभिन्न स्कूलों में कार्यक्रम मनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपायुक्त के द्वारा छात्र एवं छात्राओं के द्वारा लगाए गए स्टॉल प्रदर्शनी में प्रस्तुत किए गए नवाचार आधारित विज्ञान मॉडल, कलात्मक चित्रकला, हस्तशिल्प, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रोजेक्ट, एवं समकालीन वैज्ञानिक प्रयोगों का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रों के नवोन्मेषी विचारों और सृजनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और टीमवर्क की भावना को विकसित करते हैं।विद्यालय प्रांगण में आयोजित मेले में खाने-पीने के विविध स्टॉल, हस्तनिर्मित वस्तुओं, खेल–खिलौनों, तथा छात्रों द्वारा तैयार घरेलू उत्पादों की भी बिक्री की गई। मेले का मुख्य आकर्षण तारामंडल रहा जिसमें बच्चे तथा अभिभावकों ने बहुत ही जिज्ञासा से उत्सुकता पूर्वक जाकर भ्रमण किया। मेले में अभिभावकों, स्थानीय लोगों और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे कार्यक्रम बेहद आकर्षक और जीवंत बना रहा।प्रदर्शनी में स्कूली छात्र एवं छात्राओं केद्वारा तैयार किए गए रोबोटिक्स प्रोजेक्ट, जल–संरक्षण मॉडल, सौर ऊर्जा उपकरण, कृषि नवाचार मॉडल, और डिजिटल आर्ट विशेष आकर्षण के केंद्र रहे। कला अनुभाग में बच्चों ने  पोट्रेट स्केचिंग तथा प्रकृति पर आधारित पेंटिंग्स प्रदर्शित कीं।कार्यक्रम में उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को ऐसे प्रेरक आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिले में शिक्षा के विकास के लिए इस तरह के प्रयोग अत्यंत सराहनीय हैं और ये छात्रों में भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्या ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त  किया। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य सहित स्कूल के छात्र छात्राएं एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button