सिंगरौली
कोतवाली से चन्द कदम दूर प्लाजा के सैकड़ों दुकानों का शटर गायब
डेढ़ साल पूर्व जर्जर भवन को देख तत्कालीन आयुक्त ने गनियारी व्यावसायिक प्लाजा को दुकानदारों से कराया था खाली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। कोतवाली बैढ़न से महज 200 मीटर दूर पर अम्बेडकर चौक के समीप गनियारी व्यावसायिक प्लाजा के खाली दुकानों के सैकड़ो गेट शटर को कबाड़ चोरो ने पार कर दिया , जिसकी खबर पुलिस को नही लगी। पुलिस रात चुस्ती के साथ गस्त करने का दावा करती है। पुलिस के इस दावे में कितना दम है। यहां बताते चले कि करीब डेढ़ साल पूर्व गनियारी शॉपिंग प्लाजा के जर्जर भवन के हालात को देख तत्कालीन कलेक्टर के निर्देश पर निगमायुक्त ने व्यापारियों से दुकानों को खाली करा दिया था। हालांकि सैकड़ो व्यापारी इन दिनों मारे-मारे घूम रहे हैं। दुकान खाली होने के बाद कबाड़ चोरो के नजर यहां के गेट शटर पर पड़ी। बताया जाता है कि सैकड़ो की संख्या में करीब 80 प्रतिशत गेट शटर गायब है। यहां के आसपास के व्यापारी बताते हैं कि यह सब तीन-चार महीने के अंतराल में हुआ है। नगर निगम के अधिकारी भी जानते हैं, लेकिन किसी ने कार्रवाई के लिए जहमत नही उठाई। लिहाजा लाखों कीमत के लोहे के गेट शटर चोरी हो गई, पुलिस बेखबर रही। अब कोतवाली पुलिस की गस्त सवालो के घेरे में है।
बैढ़न इलाके में सक्रिय हैं कबाड़ कारोबारी
कोतवाली क्षेत्र बैढ़न में कबाड़ चोर का बोलबाला है। यह कबाड़ चोर किसके संरक्षण में पाल पोश रहे हैं, यह बात किसी से छुपी नही है। यहां पुलिस के सारे दावे खोखले हो रहे हैं। सैकड़ों दुकानों के लोहे के गेट शटर रातोरात चोरी हो गये। पुलिस बेखबर रही। यहां सवाल उठाया जा रहा है कि कोतवाली से चन्द कदम दूर सैकड़ो लोहे के गेट शटर चोरी हो सकते हैं, फिर कौन सा ऐसा स्थान है, जो सुरक्षित है। जब शटर गायब हो सकते हैं, तो घरों में सेंधमारी होना कोई बड़ी बात नही है। यह कबाड़ चोरों के लिए अब कोतवाली क्षेत्र बैढ़न महफूज माना जा रहा है।



