जामताड़ा: करमाटांड़ में भीषण सड़क हादसा, एक की मौत, दो घायल
Jamtara: Horrific road accident in Karmatand, one dead, two injured

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भरकट्टा में सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान शंकर महतो (65 वर्ष), ग्राम मोहनपुर बिराजपुर के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें करमाटांड़ स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जामताड़ा सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, शनिचर सिंह (32 वर्ष), निवासी मोहनपुर बिराजपुर, को गंभीर हालत में नारायणपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। इसके अलावा 11 वर्षीय एक बच्चा भी इस हादसे में घायल हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक तीन पहिया वाहन (टेंपो) से कहीं जा रहे थे, जिसमें कुल 6 लोग सवार थे। यात्रियों का आरोप है कि टेंपो चालक शराब के नशे में था। उन्होंने चालक को शराब न पीने की सलाह भी दी थी, लेकिन उसने बात नहीं मानी और नशे की हालत में ही वाहन चलाता रहा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



