
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जनपद की तहसील मीरगंज में बालश्रम की रोकथाम को लेकर प्रशासन सतर्क है। इसी क्रम में एसडीएम मीरगंज आलोक कुमार व लेबर इंस्पेक्टर द्वारा मीरगंज कस्बे की विभिन्न दुकानों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह था कि कहीं किसी दुकान या प्रतिष्ठान में नाबालिग बच्चों से मजदूरी तो नहीं कराई जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को (बालश्रम निषेध कानून) की जानकारी दी और सख्त हिदायत दी कि यदि किसी दुकान में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को काम करते पाया गया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि बाल अधिकारों की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस तरह के निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर कर्मचारियों का विवरण भी चेक किया गया। इस अभियान से कस्बे के व्यापारियों में सतर्कता देखी गई और प्रशासन की ओर से बालश्रम के विरुद्ध कड़ा संदेश गया।



