गोड्डा
माल निस्तारा पंचायत भवन में आपकी योजना
आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का उपायुक्त ने किया उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड अंतर्गत माल निस्तारा पंचायत के पंचायत भवन में आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त अंजली यादव, बीडीओ नितेश कुमार गौतम, जिप सदस्य पश्चिमी पूनम देवी, प्रखंड प्रमुख अवधेश साह, राजद जिला अध्यक्ष सुरेश यादव, विधायक प्रतिनिधि बजरंगी यादव तथा मुखिया निरंजन पंजियारा के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने सभी विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। वहां संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अंजली यादव ने एक महिला की गोद भराई की रस्म निभाई। साथ ही एक नवजात शिशु को अन्नप्राशन कराकर सामाजिक रस्मों का भी निर्वहन किया।
उपायतुक्त द्वारा बाल विकास परियोजना की ओर से बच्चों के बीच स्वेटर, लाभुकों के बीच ग्रीन कार्ड, तथा जरूरतमंदों को धोती–साड़ी का वितरण किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिक से अधिक ग्रामीणों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लाभुकों को ऑन-द-स्पॉट योजनाओं से संबंधित सेवाएँ प्रदान की गईं। मंच संचालन राजीव साह द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार जायसवाल, प्रभारी पंचायती राज पदाधिकारी सपना कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी बाबूलाल पंडित, सहायक अभियंता पियूष भारती, कनीय अभियंता पवन कुमार, श्रीकांत कुमार, पंचायत सचिव वेदानंद महाजन सहित कई पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।




