ललितपुर

बिजली संकट से जूझ रहे गनगौरा के ग्रामीण, कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सदर तहसील अंतर्गत नैगांव कलां की ग्राम पंचायत गनगौरा में लंबे समय से विद्युत आपूर्ति बाधित होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल कराए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में बीते 1 मार्च से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे किसानों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समय फसलों की सिंचाई के लिए बिजली की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है, लेकिन बिजली न होने के कारण किसान समय पर सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। परिणामस्वरूप खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं, जिससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों खतरे में पड़ गई हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में तैनात एक लाइनमैन ने मिलीभगत के चलते विद्युत लाइन को काट दिया है, जिसे अब तक जोड़ा नहीं गया। इसके चलते किसान वैकल्पिक साधनों से सिंचाई करने को मजबूर हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। वहीं गांव में बिजली न होने से पेयजल, घरेलू कार्य और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए तथा दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो किसान और ग्रामीण आंदोलन को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान परशुराम, रामस्वरूप, पवन, योगराज, धनसिंह, जार सिंह, तुलसीराम, धनीराम, तुलसी, जसू, रवि, राजा, मुन्ना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button