
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
उरई : पटेल नगर स्थित तुलसीधाम कॉलोनी में शुक्रवार शाम एक अनोखी घटना सामने आई। यहां के निवासी राघवेंद्र सिंह, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाते हैं, ने अपने घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी से भरा बैग अचानक अंशुमान दीक्षित एडवोकेट के घर के बाहर फेंक दिया। युवक ने जाते-जाते कहा, “वकील साहब, मेरा मुकदमा डाल देना।”
वकील के घर के बाहर खड़ी उनकी मां की नजर इस संदिग्ध पोटली पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत अपने बेटे को बताया और फिर 112 पर सूचना दी गई। मौके पर कोतवाली उरई के उपनिरीक्षक ब्रजेश यादव पहुंचे और जांच में सामने आया कि बैग में लगभग 200–300 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण और नकदी थी, जिसकी अनुमानित कीमत 25–30 लाख रुपये आंकी गई।
उपनिरीक्षक यादव ने सत्यता की पुष्टि के बाद राघवेंद्र के चाचा व पत्नी रीना को स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में सुरक्षित रूप से वह सामान सौंप दिया। उनकी इस ईमानदारी और सजगता की समाजसेविका अंशिका सिंह ने खुले दिल से सराहना की और उन्हें 5100 रुपये का सम्मान भेंट किया।



