बाराबंकी
बूंदाबांदी से किसानों की कटी धान की फसल बर्बाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी । बाराबंकी जनपद में दो दिनों से बदले मौसम और वृहस्पतिवार भोर में हुई बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। खेतों और खलिहान में पड़ी धान की फसल भीग गई तो वहीं खड़ी धान की फसल तेज हवा के कारण गिर गई है। हाल ही में बाेई गई आलू, मटर, चना, सरसों की फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों ने बूंदाबांदी संग हल्की बारिश व बादल छाए रहने की संभावना जताई है।
इस समय आलू, मटर, चना, सरसों, अलसी आदि फसलों की बोआई हो रही है। वहीं किसानों ने अगेती पककर तैयार धान की फसल की कटाई शुरू कर दी है। कुछ किसानों ने मजदूर लगाकर हाथ से धान की फसलों की कटाई करा दी है, जो खेत व खलिहान में पड़ी है। कंबाइन मशीन से धान की कटाई कराने वाले किसानों ने उपज को बाहर रख दिया है।
जिले में वृहस्पतिवार भोर से बूंदाबांदी शुरू हुई जो रात भर होती रही । किसान रामसरन ने बताया कि मजदूर लगाकर धान की कटाई करा दी है। करीब दो बीघा धान की फसल दो दिन से हो रही बूंदाबांदी के कारण खेत में भीग गई है। किसान रामपाल ने बताया कि चार बीघा धान की फसल पककर तैयार है। मजदूर लगाकर एक बीघा धान की फसल कटवाई है। बूंदाबांदी होने से चिंता बढ़ गई है।



