
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भाई सहित तीन आरोपी गिरफ्तार …
हापुड़ (यूपी) – उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है । यह घटना हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र के फ्रीगंज रोड पर स्थित “पेपर्स कैफे” में घटी , जहां एक युवती और उसके बॉयफ्रेंड के साथ मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के सीसीटीवी वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक , जो युवती का भाई है, अपने दोस्तों के साथ मिलकर कैफे में घुसता है और दोनों की जमकर पिटाई करता है। यह पूरी घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया । इस मामले में पुलिस ने कार्यवाही करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।
जानकारी के अनुसार , एक युवती अपने बॉयफ्रेंड के साथ हापुड नगर कोतवाली क्षेत्र के पेपर्स कैफे में समय बिता रही थी कि तभी उसका भाई अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां पहुंचा । वीडियो में देखा जा सकता है कि भाई और उसके साथी पहले युवती के बॉयफ्रेंड पर टूट पड़ते हैं और उसकी पिटाई करते हैं । इतना ही नहीं, भाई अपनी बहन को भी नहीं बख्शता और उसे कई थप्पड़ मारता है। कैफे में लगे सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि मारपीट के दौरान कैफे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस वीडियो के वायरल होने के बाद हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि , वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए फ्रीगंज रोड़ पर पैपर्स कैफे में मारपीट करने वाले 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है । गिरफ्तार किए गए आरोपियों में युवती का भाई और उसके दो साथी शामिल हैं। प इस मामले में कानूनी कार्यवाही की जा रही है ।



