असम

असम के कामरूप में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

दुर्घटना-प्रवण स्थलों के सुधार पर जोर। 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

असम के कामरूप जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को रंगिया स्थित एचपीसी फिलिंग स्टेशन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला आयुक्त एवं समिति अध्यक्ष देव कुमार मिश्र ने की। बैठक में सड़क सुरक्षा, वाहन कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन और दुर्घटना-प्रवण स्थलों के सुधार पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक शुभाशीष बरुआ, अतिरिक्त जिला उपायुक्त आदित्य गोगोई, रंगिया सम-जिला आयुक्त नवजीत पाठक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूनम पेगू के साथ परिवहन, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम के अधिकारी तथा समिति के सदस्य उपस्थित थे। बैठक में वाहन कानूनों के कड़ाई से पालन, वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, स्पीड लिमिट डिवाइस, पिकनिक के मौसम में सड़क सुरक्षा, ई-रिक्शा के नियंत्रण और गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि एनएच-17 पर कामरूप जिले के 61 किलोमीटर हिस्से में 19 दुर्घटना-प्रवण स्थल चिह्नित किए गए हैं।बोंगारा-सातपखुली मार्ग की मरम्मत शुरू हो चुकी है, जबकि छयगांव और बको बाजार में फुट ओवरब्रिज का निर्माण जारी है। चुकान्यापारा, राजापारा, अगछिया और आईटीसी जंक्शन पर सुधार कार्य शीघ्र पूरे होंगे। एनएच-27 पर बाइहाटा चार आली से आमिनगांव तक 23 किलोमीटर के हिस्से में चांगसारी को दुर्घटना-प्रवण स्थल चिह्नित किया गया है। स्थायी सुरक्षा के लिए अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव उच्चस्तरीय अनुमोदन हेतु भेजा गया है। ब्रह्मपुत्र पुल निर्माण मंडल ने गौरीपुर ट्रम्पेट हिस्से का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य बताया। बैठक में एनएच-427 पर कुलहाटी, दमदमा और अभयापुरी क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा झाड़ियों की सफाई की जानकारी दी गई।मिर्जा-चांडुबी मार्ग पर दुर्घटना-प्रवण स्थलों पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने का प्रस्ताव रखा गया।जिला आयुक्त ने परिवहन, आबकारी और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही एआईआईएमएस (AIIMS) क्षेत्र में रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नोना पुल के पास संकेत बोर्ड और प्रकाश, बाइहाटा पुल के पास जल निकासी, तथा सड़क किनारे खतरनाक पेड़ों की कटाई के निर्देश दिए। बैठक में भारी वाहनों की गति सीमा जांच, स्कूलों में ‘छोटा कॉप’ कार्ड वितरण और ईडीआरए डेटा प्रविष्टि की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिला आयुक्त ने सभी विभागों से समन्वय के साथ निर्धारित कार्य समय पर पूरे करने और सड़क सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानने का आह्वान किया है ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button