शामली
घने कोहरे के कारण ट्रक की टक्कर से अंडों से भरी पिकअप क्षतिग्रस्त
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। घने कोहरे के कारण बुधवार सुबह नेशनल हाइवे बाईपास रोड पर अंडरपास के नीचे सड़क हादसा हो गया। अंडों से भरी एक पिकअप गाड़ी को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक और अंडा व्यापारी की जान बाल-बाल बच गई, लेकिन वाहन में लदे दर्जनों कैरेट अंडे टूट गए, जिससे व्यापारी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह कैराना से शामली की ओर जा रही पिकअप गाड़ी (संख्या एचआर 67 डी 2472) में करीब 800 कैरेट अंडे लदे हुए थे, जिन्हें मुजफ्फरनगर के रास्ते बिजनौर भेजा जा रहा था। जैसे ही पिकअप कैराना-शामली नेशनल हाइवे बाईपास पर अंडरपास के नीचे पहुंची, घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने पिकअप में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पिकअप चालक और अंडा व्यापारी सुरक्षित रहे, लेकिन झटके से बड़ी संख्या में अंडे टूट गए। अंडा व्यापारी मोहम्मद आरिस ने बताया कि हादसे में उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ा है। शेष बचे अंडों को दूसरी गाड़ी मंगवाकर आगे भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। कोहरे के कारण बाईपास पर लगातार दृश्यता कम बनी हुई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कोहरे के समय यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।
