बेतुल
बैतूल सरदार विष्णु सिंह गोंड मूर्ति स्थापना दिवस रैली की समीक्षा बैठक सम्पन्न
ऐतिहासिक महारैली की समीक्षा में जयस पदाधिकारियों ने पेश की रिपोर्ट

बैठक में शिक्षा को बढ़ावा देने, नशामुक्त समाज का लिया संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भव्य रूप से आयोजित सरदार विष्णु सिंह गोंड मूर्ति स्थापना दिवस रैली की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता जयस जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे ने की। उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक महारैली में लगभग 50 हजार से अधिक लोग शामिल हुए थे। सभी सहभागी पारंपरिक वेशभूषा और अपनी संस्कृति के रंग में रैली में पहुंचे थे।
यह विशाल रैली गंज कोठी बाजार से प्रारंभ होकर सरदार विष्णु सिंह गोंड बस स्टेण्ड होते हुए ऑडिटोरियम तक पहुंची। रैली के दौरान जयस के सभी जिला और ब्लॉक पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन किया।
बैठक में संदीप धुर्वे ने समाज को नशामुक्त बनाने और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जयस का हर कार्यक्रम समाज के उत्थान और नई पीढ़ी को दिशा देने वाला होगा। समीक्षा बैठक में जयस के जिला पदाधिकारी और ब्लॉक पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उन्होंने अपनी-अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत कर रैली में निभाई गई जिम्मेदारियों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संदीप धुर्वे ने इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं, समाज के नागरिकों, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।



