बेतुल

बैतूल राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज में बैतूल की बेटियों ने किया जिले का प्रतिनिधित्व

भोपाल में 53 जिलों की टीमों ने लिया हिस्सा, भीमबेटका की ऐतिहासिक गुफाओं और शैल चित्रों का किया भ्रमण

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तर तक पहुंची कन्या विद्यालय की टीम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन बोर्ड द्वारा भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में ई.एफ.ए. शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूलगंज की तीन छात्राओं ने बैतूल जिले का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 53 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया।
विद्यालय के शिक्षक महेश गुंजेले ने बताया कि भोपाल स्थित इंटरनेशनल कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्राएं दीक्षा बारमासे, तनु गोस्वामी और सिद्धि वागद्रे ने उच्च माध्यमिक शिक्षक वीरेन्द्र कुमार झरबड़े के मार्गदर्शन में भाग लिया। पहले दिन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं द्वारा रामलीला का मंचन और रॉक म्यूजिक बैंड की प्रस्तुति हुई। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के राज्य मंत्री महेन्द्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार, ट्रॉफी तथा मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन बोर्ड की ओर से भ्रमण कार्यक्रम के कूपन प्रदान किए।
दूसरे दिन सभी प्रतिभागियों को यूनेस्को द्वारा विश्व धरोहर के रूप में संरक्षित रायसेन जिले के भीमबेटका का भ्रमण कराया गया। यहां छात्राओं ने प्राचीन मानव द्वारा गुफाओं के अंदर बनाए गए शैल चित्रों को करीब से देखा। इन चित्रों में पशु-पक्षियों के साथ घोड़े, हाथी और हिरण के चित्र शामिल हैं। छात्राओं को बताया गया कि गुफाओं के अंदर बने इन शैल चित्रों पर धूप और पानी का सीधा प्रभाव नहीं पड़ने के कारण ये आज भी सुरक्षित हैं। छात्राओं ने भीमबेटका के जंगलों और ऐतिहासिक गुफाओं का भी आनंद लिया।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर प्राचार्य ललितलाल लिल्होरे सहित शिक्षक महेश गुंजेले, सुरेश पानकर, कृष्ण गोपाल बारमासे, वासुदेव काले, नर्मदा प्रसाद मिश्रा, द्वारका पंवार, पंजाबराव देशमुख, गुणवंत देशमुख, शिवप्रदास मोहबे, केवल पंवार, पुष्प कुमार घोटे, ज्योति गीद, टीना साहू, रीना श्रीवास्तव, चारू शुक्ला, अर्पणा बाथरी, अशोक कवड़े और करण पंवार ने बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन बोर्ड द्वारा अगस्त माह में बैतूल जिले में जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें जिले के 180 से अधिक हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ई.एफ.ए. शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूलगंज की टीम ने प्राप्त किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button