बागपत
जनता इंटर कॉलेज सूजरा के सहायक अध्यापक को अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। जनता इंटर कॉलेज सूजरा में कार्यरत सहायक अध्यापक को अज्ञात नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक का नाम अनिल कुमार है, जो बड़ौत निवासी बताए गए हैं। अनिल कुमार ने बताया कि लगातार अज्ञात मोबाइल नंबर से उन्हें धमकियां मिल रही हैं। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन अब तक उन्हें किसी प्रकार की सहायता या कार्रवाई का भरोसा नहीं मिला है। पीड़ित का कहना है कि उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहन जांच की जाए और धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक अध्यापक को इस तरह से धमकी मिलना बेहद गंभीर मामला है और प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए। फिलहाल, पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



