ललितपुर
पनारी में ग्राम सभा की जमीन पर बड़ा खेल, प्रशासन सख्त, लगा चेतावनी बोर्ड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पनारी क्षेत्र में इन दिनों ग्राम सभा की जमीन को लेकर बड़ा खेल सामने आ रहा है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा ग्राम सभा की भूमि का गलत तरीके से उपयोग कर प्लाट बेचे जा रहे हैं और भोले-भाले लोगों को धोखे में रखकर रजिस्ट्री कराई जा रही है। यह मामला सामने आने के बाद ललितपुर प्रशासन हरकत में आ गया है और संबंधित जमीन पर चेतावनी बोर्ड लगाकर सख्त संदेश दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पनारी में स्थित सुधा बिहार कॉलोनी से निकलने वाला रास्ता ग्राम सभा की जमीन से होकर गुजरता है। इसी जमीन का सहारा लेकर कुछ कॉलोनाइजऱ और बिचौलिए प्लाट दिखाकर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। लोगों को यह बताया जा रहा है कि जमीन वैध है, जबकि वास्तविकता में वह भूमि ग्राम सभा की है और उस पर किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त अवैध है। बताया जा रहा है कि पूर्व में ललित प्रशासन द्वारा ग्राम सभा की जमीन ग्राम प्रधान को सुपुर्द की गई थी। प्रशासन के आदेश के अनुपालन में लेखपाल और ग्राम प्रधान द्वारा संयुक्त रूप से ग्राम सभा की जमीन पर बोर्ड गाड़ा गया, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि यह भूमि ग्राम सभा की है और इस पर किसी भी प्रकार का निर्माण, बिक्री या रजिस्ट्री गैरकानूनी है। जैसे ही मामला प्रशासन के संज्ञान में आया, अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चेतावनी बोर्ड लगवाया और स्पष्ट किया कि ग्राम सभा की जमीन पर किसी भी तरह का सौदा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी संकेत दिए हैं कि यदि भविष्य में इस प्रकार की धोखाधड़ी सामने आती है तो संबंधित लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। प्रशासन की ओर से ललितपुर और पनारी के निवासियों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें। किसी भी जमीन को खरीदने से पहले उसकी विधिवत जांच करें, राजस्व अभिलेख देखें और तहसील या संबंधित विभाग से जानकारी अवश्य लें। बिना जांच-पड़ताल के प्लाट खरीदना आगे चलकर भारी नुकसान और कानूनी पचड़े में फंसा सकता है। फिलहाल प्रशासन की सख्ती से अवैध गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। ललितपुरवासी सावधान रहें, जरा सी लापरवाही आपको बड़े जाल में फंसा सकती है।



