लिट्टीपाड़ा में आईआरएस प्रशिक्षण शिविर, 26 फरवरी से कालाजार नियंत्रण के लिए कीटनाशक छिड़काव
IRS training camp at Littipada, insecticide spraying for Kala-azar control from February 26

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): प्रखंड के सभी स्वास्थ्य सहियाओं के लिए मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुकेश बेसरा की उपस्थिति में आईआरएस (इनडोर रेसिडुअल स्प्रे) के तहत कीटनाशक छिड़काव की तकनीकी जानकारी और इसके महत्व के बारे में कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। डॉ बेसरा ने बताया कि प्रखंड के 12 कालाजार प्रभावित गांवों में 26 फरवरी से 5% सिंथेटिक पाईरोथ्राइड नामक कीटनाशक का छिड़काव शुरू होगा और यह 10 अप्रैल तक चलेगा। छिड़काव से दीवारों पर 75 दिन तक कीटनाशक प्रभावी रहेगा। उन्होंने बताया कि कालाजार मादा बालू मक्खी के काटने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में दो सप्ताह से अधिक बुखार, भूख न लगना, वजन घट जाना, खून की कमी, पिलहा का आकार बढ़ना और त्वचा का काला पड़ना शामिल हैं। छिड़काव के दौरान घर के सभी कमरों—खाना बनाने वाले कमरे, सोने वाले कमरे, पूजा घर और गौशाला—में कीटनाशक लगाया जाएगा, जिससे रोग फैलाने वाली बालू मक्खी नष्ट हो जायेगी और कालाजार का प्रसार रोका जा सकेगा।



