गोड्डा
जनवरी में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का होगा आयोजन : मोहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान के नेतृत्व में एएनएम एवं सीएचओ के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी जनवरी माह में प्रस्तावित प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला के आयोजन को लेकर विस्तृत विचार–विमर्श किया गया तथा इसकी तैयारियों की समीक्षा की गई। डॉ. मोहन पासवान ने सभी एएनएम को निर्देश देते हुए कहा कि सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही सभी एएनएम को अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का सख्त निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि कोई एएनएम बिना सूचना के अनुपस्थित पाई जाती है तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों में बायोमेट्रिक मशीन उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उपस्थिति की नियमित निगरानी की जा सके। वहीं, सभी सीएचओ को भी समय पर केंद्र पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
कालाजार को लेकर चर्चा करते हुए डॉ. पासवान ने कहा कि वर्तमान में कालाजार का कोई सस्पेक्ट नहीं मिलना विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि है। हालांकि, यदि किसी व्यक्ति को 15 दिनों से अधिक समय तक बुखार रहता है तो उसकी जांच अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। बैठक में सहायक पुतुल सोरेन, स्वास्थ्य कर्मी पंकज भगत, हरि मंडल, प्राथमिक स्वास्थ्य पदाधिकारी खुशबू कुमारी, स्नेहलता कृष्णमूर्ति, आशा कुमारी, रायबन लोदी, कार्तिक कुमार, हेमशंकर राजा, उत्पल कुमार, एएनएम आदि उपस्थित थे।




