मुरादाबाद
मुरादाबाद में चेन स्नेचर जोड़ी गिरफ्तार बुजुर्ग रहते थे सॉफ्ट टारगेट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुरादाबाद । पुलिस ने बीते दिन हुई लुट का खुलासा किया है। मुरादाबाद की सिविल लाइन पुलिस ने दो शातिर चैन स्नेचरों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने बीते दिन सिविल लाइंस थाना इलाके में बीच सड़क पर महिला के साथ चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। दिनदहाड़े पाश इलाके में हुई चैन स्नेचिंग की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया था।
200 कमरे खंगालने के बाद आरोपी हत्थे लगे
बीते दिन जुलाई को सिविल लाइंस थाना इलाके के रामगंगा विहार में मॉर्निंग वॉक पर निकली वृद्धा से स्कूटी सवार दो बदमाशों ने चैन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी बड़ी आसानी से घटना को अंजाम देकर मोके से फरार हो गए थे। चैन स्नेचिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
मुरादाबाद पुलिस ने आज इन दोनों शातिर बदमाशों को धर दबोचा है। पुलिस गिरफ्त में खड़े ये बदमाश बहुत ही शातिर किस्म के अपराधी हैं। शातिर बदमाश करम चंद्र (62 साल) उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के थाना बहादराबाद के गाँव बाहरपुर बोहरी का रहने वाला है। इसके खिलाफ अलग-अलग जिलों के थानों में 30 मुकदमे दर्ज हैं। करम चंद्र के लूट की घटना में पुलिस मुठभेड़ में गोली भी लग चुकी है।
जबकि दूसरा बदमाश श्रवण कुमार लखीमपुर खीरी जिले के गोला थाना क्षेत्र के कंजा गाँव का रहने वाला है। श्रवण कुमार के खिलाफ भी 1 दर्जन मुकदमे हैं। पुलिस ने इन शातिर बदमाशों की निशानदेही पर लूटी गई चैन, एक स्कूटी, एक अवैध तमंचा, 2 जिंदा कारतूस, 2 मोबाइल और कुछ नगदी भी बरामद की है। इन आरोपियों के टारगेट पर बुजुर्ग होते थे, जिन्हें आसानी से ये अपना शिकार बना लिया करते थे। पुलिस के लगभग 200 कमरे खंगालने के बाद आरोपी हत्थे लगे।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार करने में पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत की है। पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



