बेतुल
बैतूल एक पेड़ भविष्य के नाम अभियान के तहत एनएसयूआई ने आईटीआई परिसरों में किया पौधारोपण
प्रदेशभर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया जा रहा संदेश

1 जनवरी से 15 जनवरी तक चलेगा अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से एनएसयूआई द्वारा एक पेड़ भविष्य के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनएसयूआई बैतूल के जिला अध्यक्ष जैद खान के नेतृत्व में यह कार्यक्रम शासकीय आईटीआई एवं महिला आईटीआई परिसर में संपन्न हुआ, जहां छात्रों और संगठन के कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाए।
यह अभियान विगत दिनों विदिशा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में प्रारंभ हुआ था। पूरे मध्यप्रदेश में इस अभियान की शुरुआत एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे द्वारा की गई है। यह अभियान 1 जनवरी से 15 जनवरी तक चलेगा, जिसके अंतर्गत प्रदेशभर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
– भाजपा शासन में कॉरपोरेट हितों को दी जा रही प्राथमिकता
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष जैद खान ने कहा कि वर्तमान में भाजपा सरकार द्वारा लगातार जंगलों की कटाई की जा रही है और कॉरपोरेट हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंच रहा है और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य गंभीर संकट में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में जेन जी पीढ़ी को आगे आकर पर्यावरण संरक्षण के लिए हस्तक्षेप करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। इसी उद्देश्य से एनएसयूआई ने यह अभियान शुरू किया है ताकि पूरे देश में पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया जा सके।
– युवाओं को आगे आकर निभानी होगी पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी
जैद खान ने आईटीआई की छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा लगातार हो रहे पर्यावरण विनाश से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य खतरे में है। जंगलों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन ने हालात को और गंभीर बना दिया है। ऐसे समय में युवाओं को आगे आकर पर्यावरण की रक्षा की जिम्मेदारी निभानी होगी। एनएसयूआई का यह अभियान इसी सोच के साथ शुरू किया गया है, ताकि हर युवा एक पौधा लगाकर भविष्य को सुरक्षित करने में योगदान दे सके।
– पौधारोपण में यह हुए शामिल
इस अवसर पर प्रमुख रूप से निलेश धुर्वे, फैजान शेख, नितिन विश्वास, यश साहू, विकास मेहतो, नितिन जौंजारे, संकल्प मिश्रा, अंकित ताम्रकार, निखिल दवंडे, जतिन पिपरदे, विकास मेहरा, गौरव पंडोले, हंस मालवीय, जुनैद खान, हसन रजा, उमेश बेले, राहुल मेहरा, आयुष डोंगरे, रिजवान खान, रामकुमार शासकीय, साद खान सहित शासकीय आईटीआई एवं महिला आईटीआई के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




