गोड्डा
अवैध खनन परिवहन व भंडारण पर नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : आज दिंनाक 18 नवंबर 2025 को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त गोड्डा अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक गोड्डा मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर नियंत्रण के उद्देश्य से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध खनन के विरुद्ध अंचलवार, कार्यालयवार एवं थानावार की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त के द्वारा खनन टास्क फोर्स की टीम को संयुक्त रूप से कोयला, बालू परिवहन कर रहे वाहनों का जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सभी चेकपोस्ट पर मजिस्ट्रेट की तैनाती, चेक पोस्ट पर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन, बालू घाट पर ट्रेंच कटिंग का जियोटैग फोटो पर भेजने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों को अपने अपने क्षेत्र में सक्रिय होकर अवैध खनन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे सघन अभियान को निरंतर जारी रखा जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी व्यक्तियों, संचालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध नियमों के अनुरूप कठोरतम दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों खनन, पुलिस, परिवहन एवं प्रदूषण नियंत्रण को आपसी तालमेल और त्वरित सूचना आदान- प्रदान के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि खनिज संपदा की सुरक्षा, राजस्व वृद्धि एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, जिला खनन पदाधिकारी सन्नी कुमार सहित सभी अंचल अधिकारी मौजूद रहे।



