शामली

संदिग्ध हालात में लगी भीषण आग, मकान का लाखों का सामान जलकर राख

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में मध्य रात्रि एक व्यक्ति के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन आग की घटना में मकान के भीतर रखा लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की वजह से मकान की लकड़ी की छत भी भरभराकर गिर गई और सारा मलबा नीचे बिखर गया। क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी अरशद पुत्र लियू के मकान में देर रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मकान स्वामी के साथ मिलकर घंटों की मशक्कत के बाद पानी डालकर आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग मकान के अधिकांश हिस्से को नुकसान पहुंचा चुकी थी।पीड़ित के अनुसार आग से घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज, जरूरी कागजात और अन्य घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। मकान की छत लकड़ी की होने के कारण आग की चपेट में आकर गिर गई, जिससे नुकसान और बढ़ गया। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।आग लगने का  कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकेगी। पीड़ित मकान स्वामी अरशद ने इस हादसे को लेकर प्रदेश सरकार को पत्र भेजकर आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button