
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला कांग्रेस कार्यालय में MMDR संशोधन विधेयक 2026 और राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे के हिसाब-किताब को लेकर संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता इकरारुल हसन, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय सबिस्टिन मरांडी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष याहिया सिद्दीकी मौजूद रहे।प्रदेश प्रवक्ता इकरारुल हसन ने MMDR संशोधन विधेयक को झारखंड के अधिकार और राजस्व से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने दावा किया कि विधेयक की धारा 9D लागू होने से राज्य की खनिज-युक्त भूमि पर उपकर लगाने की शक्ति प्रभावित होगी और झारखंड को राजस्व का नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की 9 जजों की पीठ के फैसले से जुड़े झारखंड के करीब 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाये पर भी असर पड़ने की आशंका है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से सभी खनन राज्यों के साथ चर्चा कर विधेयक पर पुनर्विचार करने की मांग की। वहीं, संजय सबिस्टिन मरांडी ने राम मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राम पूरे देश की आस्था के प्रतीक हैं और श्रद्धालुओं के बीच किसी तरह का संशय नहीं रहना चाहिए। कांग्रेस ने चंदे के हिसाब में पारदर्शिता और स्वतंत्र जांच की मांग रखी।प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से MMDR विधेयक पर पुनर्विचार और झारखंड के बकाये पर स्पष्ट निर्णय लेने के साथ राम मंदिर चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।


