
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को संगीतकार अमित त्रिवेदी द्वारा योग पर गाए गए एक गीत को जारी किया। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गुप्ता ने कहा कि उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक शनिवार को योग गतिविधियों में भाग लेंगे। उन्होंने कहा, आधिकारिक कार्यक्रम 11 स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे और मैं यमुना तट पर सोनिया विहार में योग कार्यक्रम में भाग लूंगी। त्यागराज स्टेडियम, छत्रसाल स्टेडियम, राजीव गांधी स्टेडियम, द्वारका सेक्टर 6 स्थित क्रिकेट मैदान आदि स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। गुप्ता ने गीत की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसके बोल ‘योगमय दिल्ली’ की भावना व्यक्त करते हैं और इसका वीडियो राष्ट्रीय राजधानी के पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा, दिल्ली के साथ कुछ प्रतीकात्मक स्थान जुड़े हुए हैं। अब दिल्ली में नए पर्यटन स्थल सामने आए हैं। भारत मंडपम, यशोभूमि, कर्तव्य पथ, पीएम संग्रहालय, बांसेरा, असिता, वासुदेव घाट। इस गीत में नए पर्यटन स्थलों के साथ-साथ प्रतिष्ठित पर्यटन स्थलों को भी दर्शाया गया है



