गोड्डा

फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर समाहरणालय में हुई बैठक

10 अगस्त से शुरू होगी ‘सर्वजन दवा सेवन’ अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो 
गोड्डा : समाहरणालय स्थित डीएमएफटी सभा कक्ष में जिले के सभी सीडीपीओ एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 10 अगस्त से प्रारंभ होने वाले राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान सर्वजन दवा सेवन के सफल संचालन पर विस्तार से चर्चा की गई। उक्त बैठक में पिरामल फाउंडेशन से डीएल अरफातुल होदा, पीएल रेणु कुमारी एवं वीएल कंसल्टेंट मोहम्मद अनीश द्वारा प्रतिभागियों को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
वहीं बताया गया कि इस अभियान के अंतर्गत तीन प्रकार की दवाएं सेविका एवं सहिया के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर वितरित की जाएंगी। विशेष जानकारी दी गई कि दवा सेवन से पूर्व भोजन करना आवश्यक है एवं एक वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को छोड़कर सभी व्यक्तियों को दवा दी जाएगी। फाइलेरिया संक्रमित मादा कुलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है, जिसकी पहचान में 8 से 10 वर्ष लग सकते हैं। यह एकमात्र ऐसी बीमारी है जिसका इलाज पहचान से पूर्व ही किया जाता है।
दवा सेवन के बाद 100 में से 1-2 व्यक्तियों में हल्की प्रतिक्रिया जैसे उल्टी, सिरदर्द, खुजली या नींद आना जैसी सामान्य लक्षण दिख सकते हैं, जो इस बात का संकेत होता है कि उनके शरीर में फाइलेरिया के जीवाणु थे जो अब नष्ट हो रहे हैं। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी महिला पर्यवेक्षिकाएं अपने-अपने क्लस्टर बैठकों में सेविकाओं को इस कार्यक्रम से संबंधित व्यापक जन-जागरूकता प्रदान करें। साथ ही, फाइलेरिया उन्मूलन के संदेश को लेकर स्लोगन दीवारों पर लिखे जाएं ताकि समुदाय तक प्रभावी संदेश पहुंचे। कार्यक्रम के दिन संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, पर्यवेक्षिकाएं क्षेत्र भ्रमण करेंगी और किसी एक बूथ पर स्वयं दवा खाकर अभियान का शुभारंभ करेंगी। बैठक में कालाजार से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button