
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कैराना पुलिस ने अवैध हथियार रखने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर जनपदभर में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार की रात थाना कैराना पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान शामली बाईपास फ्लाईओवर से होते हुए भूरा मार्ग की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान बंद पड़ी पटाखा फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर अचानक दिशा बदलकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे जगनपुर बंबे की पुलिया के पास दबोच लिया। पकड़े गए युवक ने पूछताछ में अपना नाम शहनवाज उर्फ शाहरुख उर्फ कटप्पा पुत्र शकील निवासी मोहल्ला आलकलां, कैराना बताया हैं। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने मौके पर ही तमंचे की जांच की, जो चालू हालत में पाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने यह अवैध तमंचा किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था, हालांकि वह उसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई। पुलिस ने मौके पर ही तमंचा और कारतूस को कब्जे में लेकर सील किया तथा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी को थाने लाकर उसके खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच की जा रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक यशपाल सिंह सोम, उप निरीक्षक संजय पूनिया, हेड कांस्टेबल यतेन्द्र भारद्वाज और कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे। जिन्होंने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को सफल बनाया।

