बेतुल
बैतूल काउंटर एफआईआर में आरोपी बनाए जाने पर भवानी गावंडे ने उठाए सवाल
एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर जांच कराने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वर्तमान सक्रिय कार्यकर्ता भवानी गावंडे ने गंज थाना पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 388/2026 में उन्हें आरोपी बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। भवानी गावंडे ने अपने आवेदन में बताया कि 13 नवंबर 2026 की रात लगभग 9:11 बजे उन्हें नवीन राठौर निवासी बैतूल बाजार का फोन आया था। फोन पर भाजपा कार्यालय के पास विवाद होने और मारपीट की सूचना दी गई थी। उस समय वे अपने निवास विनोबा वार्ड भग्गूढाना में थे। सूचना मिलने के बाद वे लगभग 9:35 बजे भाजपा कार्यालय के पास पहुंचे, लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं मिला। इसके बाद वापस लौटते समय पंजाबी होटल गंज के पास उनकी मुलाकात नवीन राठौर एवं अनुराग काटोलकर से हुई। दोनों के कहने पर वे उन्हें लेकर गंज थाने पहुंचे, जहां कुछ देर बाद रितिक झरखड़े अपने 10-12 साथियों के साथ पहुंचा और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। भवानी गावंडे का आरोप है कि उन्होंने रितिक झरखड़े के साथ किसी प्रकार की मारपीट या विवाद नहीं किया, इसके बावजूद 15 नवंबर को उन्हें जानकारी मिली कि गंज थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंटर एफआईआर दर्ज करते हुए अपराध क्रमांक 388/2026 में उन्हें भी आरोपी बना दिया है। उन्होंने कहा कि जिस समय और स्थान पर मारपीट की घटना होना बताया गया है, उस दौरान वे वहां मौजूद नहीं थे। भवानी गावंडे ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग, मोबाइल कॉल डिटेल एवं संबंधित व्यक्तियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही नवीन राठौर एवं अनुराग काटोलकर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने के कारणों की भी जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।



