वैश्य समाज ने जैन स्थानक में आयोजित समारोह में किया सम्मानित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शामली निवासी पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल को महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकन अवार्ड-2026 से सम्मानित किए जाने पर वैश्य समाज में खुशी की लहर है। दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में देशभर से चयनित 50 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश से राजेश्वर बंसल भी शामिल रहे।
इस उपलब्धि पर कांधला के वैश्य समाज की ओर से कस्बे के जैन स्थानक में सम्मान समारोह आयोजित कर पूर्व विधायक का भव्य अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्यापार मंडल अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल ने किया। समारोह का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष ज्योत प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर राजेश्वर बंसल ने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति निस्वार्थ भाव से अपनी जिम्मेदारी समझे और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने सभी से एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि राजेश्वर बंसल को मिला यह प्रतिष्ठित सम्मान उनकी समाजसेवा, समर्पण और जनहित के कार्यों का गौरवपूर्ण परिणाम है। यह उपलब्धि समस्त वैश्य समाज के लिए गर्व का विषय है। समारोह में दिगंबर एवं श्वेतांबर जैन समाज के प्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका सम्मान किया।
इस दौरान पूर्व आईजी विजय गर्ग, विष्णु प्रकाश अग्रवाल, लोकेश गोयल, क्षितिज मित्तल, मेहरचंद, सचिन गोयल, रोहित गुप्ता, नरेंद्र अग्रवाल, अमित गर्ग, निखिल माहेश्वरी, ओम सिंघल, आदित्य गुप्ता, गुणपाल जैन, कंवरसेन जैन, नीरज गोयल और अमन मित्तल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर राजेश्वर बंसल के पुत्र ने वैश्य समाज का आभार व्यक्त किया।