ललितपुर
साप्ताहिक परेड का एसपी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान परेड की ड्रिल, अनुशासन, ड्रेस कोड और आपसी तालमेल की गुणवत्ता का सूक्ष्म अवलोकन किया गया। निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित विभिन्न शाखाओं में शस्त्रागार, परिवहन शाखा, भोजनालय, क्वार्टर गार्ड, कैंटीन, कंट्रोल रूम और वर्दी स्टोर—का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा उपलब्ध संसाधनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी क्रम में डायल-112 के पीआरवी वाहनों की भी जांच की गई। वाहनों की स्वच्छता, वायरलेस सेट, जीपीएस ट्रैकर, टैब/मोबाइल तथा अन्य आपात उपकरणों की कार्यशीलता पर विशेष ध्यान दिया गया। पीआरवी स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील, संयमित एवं सेवा भाव से कार्य करने के निर्देश देते हुए रिस्पॉन्स टाइम और बेहतर करने के सुझाव दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने अर्दली रूम का आयोजन कर विभिन्न मदों के रजिस्टरों का अवलोकन किया और विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाहियों, शिकायतों तथा लंबित पत्रावलियों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित शाखा प्रभारियों को दिए। परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुनील भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चन्द्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



