बागपत

बागपत में किराना व्यापारियों की आपात बैठक,

सैंपलिंग विभाग पर शोषण के आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बागपत। सयुंक्त व्यापार वेलफेयर एसोसिएशन बागपत की एक आपात बैठक एसोसिएशन अध्यक्ष नंदलाल डोगरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यह बैठक पश्चिम उत्तर प्रदेश सयुंक्त उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री अमित अग्रवाल के आवास पर हुई, जिसका संचालन संगठन के महामंत्री एवं सभासद संजय रुहेला ने किया।

बैठक में संगठन के कोषाध्यक्ष लवी जैन और उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता ने सैंपलिंग विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जांच के नाम पर व्यापारियों का मानसिक, आर्थिक और शारीरिक शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विवाद की शुरुआत

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि एक अधिकारी ने महबूब बैग की दुकान पर पहुंचकर धमकी दी कि दुकानदार ने कुट्टू का आटा बेचा था, जिससे एक व्यक्ति बीमार हो गया। इस पर व्यापारी ने साफ़ शब्दों में कहा कि वह कुट्टू का आटा बेचता ही नहीं है, इसलिए यह आरोप झूठा है। उसने चुनौती दी कि दुकान की पूरी तलाशी ली जाए और यदि कुट्टू का आटा मिल जाए तो कार्रवाई की जाए।

इस विवाद के दौरान मौके पर व्यापारियों की भीड़ एकत्र हो गई। व्यापारियों ने अधिकारी से आग्रह किया कि बीमार व्यक्ति से मिलवाया जाए, लेकिन अधिकारी ने स्पष्ट इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, जब डी.ओ. से फोन पर बात की गई तो उन्होंने व्यापारियों के साथ असम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया।

शिकायत लेकर पहुंचे एडीएम के पास

अपने अपमान से आहत होकर व्यापारी सीधे अपर जिलाधिकारी बागपत के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय सैंपलिंग विभाग द्वारा जानबूझकर उत्पीड़न किया जाता है, ताकि व्यापारी मानसिक दबाव में आ जाएं। व्यापारियों ने मांग रखी कि सरकार यदि एक नियत स्थान तय कर दे, तो सभी व्यापारी वहीं से सामान खरीदकर ग्राहकों को बेचने के लिए तैयार हैं।

बड़ा निर्णय – नवरात्र पर नहीं बिकेगा कुट्टू और सिंघाड़े का आटा

लंबी चर्चा के बाद व्यापारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि इस बार नवरात्र पर्व पर कोई भी व्यापारी कुट्टू, शामक और सिंघाड़े का आटा नहीं बेचेगा। यदि इसके बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों ने सैंपलिंग के नाम पर उत्पीड़न किया तो सभी व्यापारी अपनी-अपनी दुकानें बंद कर चाबियां जिलाधिकारी को सौंप देंगे

मुख्यमंत्री से गुहार

बैठक में यह भी कहा गया कि प्रशासन हिंदू त्योहारों पर व्यापारियों को परेशान करता है, ताकि त्योहार की खुशियां फीकी पड़ जाएं। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है कि सैंपलिंग विभाग की मनमानी और उत्पीड़न को तुरंत रोका जाए।

बैठक में उपस्थित

बैठक में प्रमुख रूप से शिवकुमार गुप्ता, मुन्ना गोयल, सत्प्रकाश गुप्ता, आलोक जैन, राजीव गुप्ता, राकेश गुप्ता, सीताराम, सतीश गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, हनी गुप्ता, ऋषभ जैन, डब्लू गौतम, अर्पित गुप्ता, संदीप जैन, विशाल गुप्ता, सौरभ गुप्ता, लाला संदीप, खालिक, मकसद, मोनू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button