
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के लालबाग सब्जी मंडी के पास हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। स्वाट टीम ग्रामीण जोन और थाना लोनी बॉर्डर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, 16 जनवरी की शाम करीब 8 बजे लालबाग सब्जी मंडी के पास “गंगे मार्बल्स” नामक दुकान के संचालक केसरी सिंह अपने कर्मचारी के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने डंडों से हमला कर उनकी स्कूटी गिरा दी और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में ढाई से तीन लाख रुपये होने की बात कही गई थी।
इस संबंध में पीड़ित के पुत्र विकास सिंह ने 18 जनवरी को थाना लोनी बॉर्डर में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई।
22 जनवरी को संयुक्त ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने अमन गुर्जर, मोनू गुप्ता, वसीम, हर्ष, फैसल उर्फ फैज और मयंक को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने लूट की रकम झाड़ियों में छिपाने और कुछ पैसे खर्च करने की बात कबूल की है। पुलिस ने उनके कब्जे से 67,500 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त दो डंडे और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामदगी के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाई गई हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस हिंसक लूट के खुलासे को पुलिस बड़ी सफलता बता रही है, लेकिन बाजार क्षेत्र में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल बने हुए हैं। वहीं यह भी चर्चा का विषय है कि घटना के समय हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना और बाद में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद धाराओं को बढ़ाया जाना स्थानीय पुलिस की पुरानी कार्यशैली का हिस्सा माना जाता रहा है। इस पर वास्तविक स्थिति क्या है, यह तो पुलिस ही स्पष्ट कर सकती है।


