बेतुल

बैतूल फ्यूजन फाइनेंस के अधिकारियों पर ब्रांच मैनेजर से 3.50 लाख की अवैध वसूली और प्रताड़ना का आरोप

जबरन ईएमआई पोस्टिंग कराकर जेब से भरवाए पैसे, ब्रांच मैनेजर ने एसपी से की शिकायत

फ्यूजन फाइनेंस के डिवीजन और एरिया मैनेजर पर मानसिक-आर्थिक शोषण का मामला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। फ्यूजन फाइनेंस लिमिटेड बगडोना ब्रांच में कार्यरत ब्रांच मैनेजर बसंतलाल धोटे ने एसपी को आवेदन देकर कंपनी के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बसंतलाल धोटे ने शिकायत आवेदन में बताया कि कंपनी महिलाओं के समूह को लोन देती है और किश्त वसूली का कार्य करती है, लेकिन पिछले छह माह से डिवीजनल मैनेजर प्रदीप साहू और एरिया मैनेजर परमानंद मेवाडा द्वारा दबाव बनाकर ऐसी ईएमआई की पोस्टिंग करवाई गई जिनकी राशि वास्तव में वसूल नहीं हुई थी।
आवेदक के अनुसार अधिकारियों द्वारा यह कहकर अवैध पोस्टिंग करवाई जाती रही कि फिल्ड से पैसा आने पर बाद में मिला देना, लेकिन जब पैसा नहीं आया तो ब्रांच कैश में या अपनी जेब से राशि जमा करने का दबाव डाला गया। इस दबाव में आकर आवेदक ने करीब तीन लाख पचास हजार रुपए तक अपनी जेब से जमा किए, जिसमें पहले भी 70 से 76 हजार रुपए जमा कर चुका था। बाद में ब्रांच में 2,74,555 रुपए की कमी हो गई, जिसमें से 22 अक्टूबर को मानसिक और आर्थिक दबाव डालकर 1,63,500 रुपए जमा करवाए गए।
– प्रताड़ित कर शेष राशि जमा करने का बना रहे दबाव
बसंतलाल धोटे ने आरोप लगाया कि बीते तीन दिनों से अधिकारी ब्रांच में आकर रात 11 बजे तक उसे प्रताड़ित कर शेष राशि जमा करने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही नौकरी से निकालने और झूठे फर्जी केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि अनावेदकगणों द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मां-बहन की गंदी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
आवेदक का कहना है कि उसने फ्यूजन फाइनेंस लिमिटेड की राशि का कभी गलत उपयोग नहीं किया है और जितनी राशि की कमी बताई जा रही है, वह आज भी फिल्ड से वापस नहीं आई है। उसके पास इस पूरे मामले से जुड़े प्रमाण मौजूद हैं। भविष्य में झूठे आरोप लगाकर उसे फंसाए जाने की आशंका जताते हुए बसंतलाल धोटे ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर अनावेदक अजय शर्मा रिजनल मैनेजर, प्रदीप साहू सीनियर डिवीजन मैनेजर और परमानंद मेवाडा एरिया मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button