साहेबगंज
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने किया राजमहल और उधवा का दौरा
मतदाता सूची पुनरीक्षण की ली समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिला के राजमहल क्षेत्र अंतर्गत झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने रविवार को राजमहल एवं उधवा का दौरा कर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण SIR कार्यों की गहन समीक्षा की।इस दौरान उनके साथ साहिबगंज के उपायुक्त दीपक कुमार दुबे भी मौजूद रहे।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली।बैठक में मतदाताओं के विवरण का सत्यापन,पुरानी मतदाता सूची से मिलान एवं मैपिंग,गणना प्रपत्रों का संग्रह,नोटिस जारी करने तथा सुनवाई की प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की गई।उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।हर एक प्रपत्र की जांच गंभीरता से की जाए और किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो,इसका विशेष ध्यान रखा जाए।उन्होंने बताया कि आगामी 22 दिसंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है।इसके मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को घर-घर जाकर शत-प्रतिशत सत्यापन करने,छूटे हुए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने और मृत,स्थानांतरित व डुप्लीकेट मतदाताओं का नाम नियमानुसार हटाने का निर्देश दिया।समीक्षा बैठक में राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो,बीडीओ जयंत कुमार तिवारी,सीओ आशीष मंडल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



