अमरोहा
शिक्षक की मौत मामले में प्रेमिका समेत 4 पर केस
अमरोहा कोर्ट ने दिए FIR के आदेश, 7 दिन में रिपोर्ट मांगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की अदालत ने एक निजी शिक्षक की संदिग्ध मौत के मामले में महत्वपूर्ण आदेश दिया है। मृतक फैसल की शिक्षक प्रेमिका समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। नौगावां सादात के गांव बीलना निवासी मोहम्मद फैसल एक इंटर कालेज में संविदा शिक्षक थे। उनकी एक महिला शिक्षक से प्रेम संबंध थे। दोनों ने गुप्त रूप से निकाह भी किया था और संयुक्त बैंक खाता भी खोला था। परिवार का आरोप है कि महिला शिक्षक ने फैसल से 10 लाख रुपये लिए। एक प्लॉट भी खरीदवाकर अपने नाम करवा लिया। इसको लेकर विवाद हुआ तो महिला ने फैसल पर दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करा दिया। फैसल को जेल भी जाना पड़ा।
19 अप्रैल 2025 को फैसल स्कूल गए थे। परिवार का आरोप है कि महिला शिक्षक और उसके तीन साथियों ने फैसल को जबरन जहर दिया। फैसल पीलाकुंड के जंगल में मिले। मरने से पहले उन्होंने अपनी मां को फोन कर बताया कि ये लोग उन्हें मार देंगे। अस्पताल ले जाने पर फैसल की मौत हो गई। पिता अशरफ अली की पुलिस में शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अदालत में याचिका दायर की गई। अब अदालत ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 7 दिन में कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है।


