सिंगरौली
काम की तलाश में आये युवक को बच्चा चोरी के शक मे खंभे से बांधकर पीटा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली : जिले के जयंत नेहरू बस्ती इलाके में बच्चा चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने एक लड़के को खंभे से बांधकर पीटा। गुरुवार को इसका वीडियो सामने आया है। युवक बिहार के गया जिले से काम की तलाश में आया था। स्थानीय रहवासी विनोद कुमार ने बताया कि गया (बिहार) से आए कुछ लोग बच्चा चोरी की फिराक में घूम रहे थे। जयंत बस्ती के लोगों ने उन्हें पकड़ लिया। वीडियो में लोग लड़के से जबरन बच्चा चोरी की घटना कबूल कराते दिख रहे हैं। पिटाई के बाद लड़के को जयंत पुलिस के हवाले कर दिया गया। लड़के का कहना है कि वह गया से अपने 7 साथियों के साथ सिंगरौली जिले में काम करने आया था।
जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार के अनुसार, लड़का विक्षिप्त लग रहा है। वह अपनी पहचान ठीक से नहीं बता पा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चा चोरी का आरोप सही नहीं है। पुलिस युवक को बाल कल्याण समिति के पास भेज रही है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।



