बागपत
हरिद्वार जा रहे युवक को पकड़कर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान मौत – ससुरालियों पर हत्या का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
दोघट/बागपत : दोघट थाना क्षेत्र के कंडेरा गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक युवक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे उसकी पत्नी, सास और साले सहित अन्य ससुरालीजनों ने गढ़ी कांगरान में पकड़कर पहले पीटा और फिर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। युवक ने 8 दिन तक ज़िंदगी और मौत से जूझने के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतक सन्नी की (उम्र लगभग 28 वर्ष) पुत्र वेदपाल निवासी कंडेरा गांव का रहने वाला था। जो गांव में ही जन सेवा केंद्र का संचालन करता था और परिवार का इकलौता पुत्र था। परिजनों के अनुसार, सन्नी 22 जुलाई को हरिद्वार कांवड़ यात्रा के लिए गया था, लेकिन रास्ते में ही गढ़ी कांगरान क्षेत्र में उसे उसकी पत्नी अंकिता, सास बेबी, अंकिता के चाचा सुशील उर्फ सुनील और दाह गांव के एक डॉ अय्यूब आदि ने जबरन पकड़ लिया। आरोप है कि पहले सन्नी के साथ मारपीट की गई, फिर उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।
घटना के बाद सन्नी को गंभीर हालत में मेरठ के सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिन इलाज चलने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद परिजनों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट किया, लेकिन वहां 4 दिन तक जीवन रक्षक उपकरणों पर रहने के बाद सन्नी ने दम तोड़ दिया।
सन्नी के पिता वेदपाल ने दोघट थाने में लिखित तहरीर देकर सन्नी की पत्नी अंकिता, सास बेबी, चाचा ससुर सुशील उर्फ सुनील और दाह गांव के डॉ अय्यूब को नामजद करते हुए हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
परिवार में मातम
सन्नी की मौत से कंडेरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि सन्नी एक मेहनती, सरल स्वभाव का युवक था जो गांव में जन सेवा केंद्र चलाकर लोगों की मदद करता था। किसी से उसका कोई निजी विवाद नहीं था।
वीडियो बयान से उभरे नए सवाल
बताया जा रहा है कि सन्नी ने मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने खुद पर हो रहे अत्याचारों का ज़िक्र किया था और अपनी पत्नी तथा सास को जिम्मेदार ठहराया था। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस बोली – जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी दोघट ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



