कानपुर
विश्व जल दिवस के पावन अवसर पर भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : जिला गंगा समिति,कानपुर नगर नमामि गंगे के तत्वावधान में,रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज बिठूर तथा रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से गंगा स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत विश्व जल दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की थीम “जल संरक्षण” रखी गई जिसका मुख्य उद्देश्य जनमानस में जल के संरक्षण एवं उसके समुचित उपयोग के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की शुरुआत रॉयल ग्रुप के चेयरमैन रोहित मिश्रा द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी शशांक शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि “जल ही जीवन का आधार है। यदि आज हम जल संरक्षण के प्रति सजग नहीं हुए,तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा। हम सभी का कर्तव्य है कि जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करें और इसके प्रति समाज में जागरूकता फैलाएं। रिवैम्प इंडिया फाउंडेशन के सीईओ वैभव सिंह राठौर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों एवं युवाओं में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी विकसित करती हैं। जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। प्रतियोगिता में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स विभाग से प्रोफेसर मंतोष यादव ने निर्णायक की भूमिका निभाई तथा प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का मूल्यांकन कर विजेताओं की घोषणा की। प्रतियोगिता सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए आयोजित की गई,जिसमें परिणाम इस प्रकार रहे 6–9 वर्ष वर्ग से प्रथम अक्षय,द्वितीय एकांशी,तृतीय आग्रह, 10–14 वर्ष वर्ग से प्रथम अवनी पाल,द्वितीय काव्या सिंह,तृतीय अंशिका निषाद,15–18 वर्ष वर्ग से प्रथम अर्पिता चौरसिया,द्वितीय स्नेहा निषाद,तृतीय अक्षरा गुप्ता,18 वर्ष से अधिक वर्ग से प्रथम अभि तिवारी,द्वितीय ममता,तृतीय ममता भदौरिया
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित अतिथियों द्वारा विजेताओं को ट्रॉफी,मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना सिंह ने सभी प्रतिभागियों एवं अभिभावकों को साधुवाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन अमित कुशवाहा द्वारा किया गया तथा इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक गण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



